
रेल दावा अधिकरण, पटना पीठ, से संबंधित दानापुर मंडल के मामलों के शीघ्र निपटान हेतु मंडल कार्यालय के सभागार में पूर्व मध्य रेल के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक(एफएम) सह मुख्य दावा अधिकारी, श्री मो. जफर आजम की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें मंडल के लगभग 107 स्टेशन मास्टर, वाणिज्य निरीक्षक और निरीक्षक, रेल सुरक्षा बल ऑनलाइन माध्यम से इस बैठक से जुड़े। इस बैठक में रेल यात्रा के दौरान दुर्घटना या किसी अप्रिय घटना से संबंधित किए गए मुआवजे की मांग की वास्तविकता जांचने एवं वास्तविक मामलों के शीघ्र निपटान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा निर्देश दिया गया कि मामलों की वास्तविक जांच आरपीएफ, स्टेशन मास्टर, स्टेशन मैनेजर एवं रेल दावा अधिकरण के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से जल्द से जल्द निपटाया जाना चाहिए। अगली बैठक में ऑनलाइन माध्यम से लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर को भी जोड़ा जाएगा। आज की इस बैठक से रेल दावा अधिकरण में पीड़ित यात्रियों की मुआवजे की मांग को त्वरित रूप से निष्पादित करने में और भी शीघ्रता आएगी जिससे पीड़ित अथवा उनके परिवार को शीघ्र लाभ मिल पाएगा।रेल दावा अधिकरण एक वैधानिक निकाय है, जिसका उद्देश्य रेलवे से संबंधित दावों का निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से निपटारा करना है। रेल दुर्घटना में मृत्यु या चोट की स्थिति में पात्र आश्रित/यात्री निर्धारित प्रक्रिया के तहत मुआवजे के लिए दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। दानापुर मंडल अपने यात्रियों से भी अपील करता है कि यात्रा के दौरान वह अपनी एवं अपने सहयात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। खासकर ट्रेन में चढ़ते एवं उतरते समय जल्दबाजी ना करें एवं चलती ट्रेन में कभी भी ना तो चढ़ने का प्रयास करें ना हीं उतरने का प्रयास करें।इस बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक(ओपी), श्री वीरेंद्र कुमार, वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक, श्री सुधांशु रंजन, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, श्री अभिनव सिद्धार्थ, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, श्री उदय सिंह पवार एवं रेल दावा अधिकरण की तरफ से प्रस्तुतकर्ता अधिकारी (प्रेजेंटिंग ऑफिसर) श्रीमती संगीता मीणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

