पूर्णिया जिले से जालसाजी और अवैध वसूली का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक खुद को जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) और कभी परिवहन कार्यालय का बड़ा कर्मचारी बताकर सरेआम गाड़ियों से पैसे वसूल रहा था. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.यह पूरा मामला पूर्णिया के के नगर थाना और मधुबनी थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित भूटाहा मोड़ के पास का है. आरोपी युवक पिछले कई दिनों से इसी इलाके को अपना ठिकाना बनाकर वहां से गुजरने वाले कमर्शियल वाहनों को निशाना बना रहा था. वह खुद को बड़ा अफसर बताकर धौंस जमाता था.एक चालक ने बताया कि ये युवक मुख्य रूप से ट्रैक्टरों को ही अपना शिकार बनाता था. वह चालकों को डराता था कि उनके ट्रैक्टर पर तय सीमा से ज्यादा माल (ओवरलोडिंग) लदा हुआ है. चालान काटने और गाड़ी सीज करने की धमकी देकर वह चालकों से मोटी रकम वसूल रहा था.इसी शक के आधार पर दर्जनों ट्रैक्टर चालकों ने एकजुट होकर भूटाहा मोड़ के पास जालसाज युवक को घेर लिया. चालकों ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो वह सही जवाब नहीं दे पाया. इसके बाद गुस्साए चालकों और स्थानीय लोगों ने मौके पर ही उसकी जमकर धुनाई कर दी और उसे बंधक बना लिया.घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची. पुलिस ने आक्रोशित भीड़ के चंगुल से युवक को छुड़ाया और उसे तुरंत अपने कब्जे में लेकर थाने आ गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रूट पर अक्सर परिवहन विभाग की असली टीमें जांच चलाती हैं, जिसका फायदा उठाकर यह युवक फर्जीवाड़ा कर रहा था.

