
खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस के अनुसार, वाहन जांच के दौरान सब इंस्पेक्टर से सरकारी पिस्टल छीनकर भागने वाले एक आरोपी को जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.पुलिस के मुताबिक, बेलदौर थाना क्षेत्र में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया. जांच के दौरान तीनों पुलिस टीम से उलझ गए और कथित तौर पर एक सब इंस्पेक्टर के साथ मारपीट कर उनकी सरकारी पिस्टल छीनकर फरार हो गए.घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर डीएसपी, DIU और बेलदौर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया.

