पटना के बंटी यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी रवीश उर्फ बसिया गुरुवार को पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया. यह मुठभेड़ बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में बांस घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर हुई. पुलिस टीम रवीश की तलाश में वहां पहुंची थी. आरोपी ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। गोली कोतवाली थाना प्रभारी की सरकारी गाड़ी के बोनट पर लगी. इसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली रवीश के दाहिने पैर में लगी. उसे इलाज के लिए PMCH में भर्ती कराया गया है. रवीश पर लूट, रंगदारी और हत्या के प्रयास के कई मामले दर्ज हैं. वह काफी समय से फरार चल रहा था. घटनास्थल से पुलिस ने उसकी चप्पल और एक देसी कट्टा बरामद किया है.

