
किशनगंज जिले के पोठिया थाना क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल शिक्षक पर अपनी नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा है. पुलिस ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रमनिया पोखर के शिक्षक मो. अजमल के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.पीड़ित 12 वर्षीय छात्रा ने 11 जुलाई को पोठिया थाने में शिकायत दर्ज कराई. छात्रा ने आरोप लगाया है कि शिक्षक मो. अजमल ने स्कूल परिसर में उसके साथ अनुचित व्यवहार किया. विरोध करने पर शिक्षक ने उसे धमकाया और घटना के बारे में किसी को न बताने की चेतावनी दी. छात्रा हाल ही में अपने पिता की मौत के कारण मानसिक रूप से परेशान थी. शिकायत के अनुसार छात्रा ने घटना की जानकारी विद्यालय के अन्य शिक्षकों को भी दी थी, लेकिन आरोप है कि मामले को दबाने का प्रयास किया गया.स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप और पंचायत स्तर पर समाधान के प्रयासों के कारण शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई. बाद में छात्रा और उसकी मां ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई. पीड़िता और उसकी मां ने आरोपी शिक्षक के प्रभावशाली होने के कारण सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है.मामले की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने तत्काल प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को सूचित किया. घटना के विरोध में छात्रा के परिजन और ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.विद्यालय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानाध्यापक द्वारा मांगे गए स्पष्टीकरण के जवाब में शिक्षक ने लिखित रूप से अपने व्यवहार पर खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी है. पोठिया थाना की पुलिस ने छात्रा के आवेदन के आधार पर थाना में केस दर्ज कर लिया है. मामले की जांच शुरू कर दी है.

