बिहार बंद को लेकर एहतियात के तौर पर मुजफ्फरपुर शहर में बंद की गई इंटरनेट सेवा शनिवार को फिर से बहाल कर दी गई. गृह विभाग की सहमति के बाद जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जनहित में यह निर्णय लिया. प्रशासन का कहना है कि जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रहने के कारण इंटरनेट प्रतिबंध हटाने की अनुशंसा की गई थी.इससे पहले शुक्रवार शाम जारी आदेश में 24 जुलाई दोपहर 12:30 बजे से 26 जुलाई सुबह 10 बजे तक नगर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी रोक लगाने की घोषणा की गई थी. हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट सेवा पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया था.शुक्रवार शाम जिलाधिकारी गौरव कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, थानाध्यक्षों और अन्य अधिकारियों के साथ विधि-व्यवस्था की समीक्षा की. सभी थाना प्रभारियों से मिली रिपोर्ट में स्थिति सामान्य पाई गई. आईसा समेत अन्य संगठनों द्वारा आहूत बिहार बंद को देखते हुए एहतियातन इंटरनेट सेवा बंद कराई गई थी.

