पूर्णिया शहर में देर रात गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आई है. मरंगा थाना क्षेत्र के नेवालाल चौक पर बदमाशों ने नगर निगम की वार्ड नंबर 24 की पार्षद राखी देवी के बेटे शुभम कुशवाहा और उनके भाई सागर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. शुभम की हालत सबसे ज्यादा नाजुक बताई जा रही है. दोनों का इलाज पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई.जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने शुभम कुशवाहा को तीन गोलियां मारीं. वहीं उनके मामा सागर को दो गोलियां लगी हैं. अपराधियों ने उनकी गाड़ी पर भी कई राउंड फायरिंग की. गाड़ी पर गोलियों के कई निशान मिले हैं. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाश किसी भी कीमत पर उन्हें निशाना बनाना चाहते थे.घटना की सूचना मिलते ही मरंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया और जांच शुरू कर दी. फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

