अमेरिका और ईरान के बीच जिस युद्ध को हाल ही में हुए युद्धविराम के बाद खत्म माना जा रहा था, वह एक बार फिर भड़क उठा है. शुक्रवार को अमेरिकी सेना ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए. इसके कुछ ही देर बाद ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि उसने जवाबी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है. दोनों देशों की ओर से एक दूसरे पर किए गए ताजा हमले युद्धविराम के भविष्य पर बड़े सवाल खड़े कर रहे हैं. हालांकि अमेरिका ने अचानक से यह हमला नहीं किया है. इससे पहले ईरान ने गुरुवार को एवर लवली जहाज पर ड्रोन हमला किया था.अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, गुरुवार को होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक कार्गो जहाज पर ईरानी ड्रोन ने हमला किया था. इसके जवाब में अमेरिकी सेना ने हमला किया. अमेरिका का आरोप है कि ईरान ने चार आत्मघाती ड्रोन से जहाज को निशाना बनाया, जिनमें से एक ड्रोन जहाज के ऊपरी हिस्से से टकराया. हालांकि जहाज को नुकसान पहुंचा, लेकिन वह आगे बढ़ने में सफल रहा. अमेरिका ने दावा किया कि उसके रक्षा सिस्टम ने तीन अन्य ड्रोन मार गिराए.

