गुरु पूर्णिमा के दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षकों को बड़ी सौगात दी है. उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए शिक्षकों के लिए बड़ी घोषणा की है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा है कि बिहार के युवाओं के लिए एक और ऐतिहासिक सौगात. TRE-4 के अंतर्गत 32,388 शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग द्वारा अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी गई है.सीएम ने अपने पोस्ट में लिखा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है. साथ ही उन्होंने पदों का विवरण भी साझा किया है.कक्षा 1–5 तक में कुल 3,847 पदों पर बहाली होगी. कक्षा 6–8 में 8,563, कक्षा 9–10 तक के लिए 3,877, कक्षा 11–12 में 16,101 शिक्षकों के पदों को भरा जाएगा. कुल 32,388 पदों में नियुक्ति होगी.बहाली की मांग को लेकर अभ्यर्थी लगातार आंदोलनरत थे. ऐसे में बीते दिनों सम्राट चौधरी ने TRE 4 को लेकर एक हाई लेवल बैठक बुलाई थी. बैठक के बाद नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया था. सीएम की घोषणा के साथ ही लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली है.

