
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में शनिवार रात से ही सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस एनकाउंटर में दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है. हालांकि, देर रात तक सुरक्षा बलों की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी. सूत्रों के अनुसार, यह मुठभेड़ रात करीब आठ बजे शोपियां के सैदपोरा इलाके में शुरू हुई. सुरक्षा एजेंसियों को खुफिया जानकारी मिली थी कि इलाके में दो आतंकी छिपे हुए हैं. सूचना के आधार पर पुलिस और सुरक्षा बलों ने संयुक्त रूप से घेराबंदी और तलाशी अभियान (CASO) शुरू किया.सुरक्षा बलों ने जैसे ही संदिग्ध इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया, वहां छिपे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई. सूत्रों के मुताबिक, इस मुठभेड़ में जाकिर गनई और लतीफ भट्ट नाम के दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है. हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक उनकी पहचान और मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

