गुजरात के सूरत से उत्तर प्रदेश के कानपुर जा रही यात्री बस में मंगलवार रात करीब 1:10 बजे सरदारपुर नगर की भोपावर चौकी से कुछ दूरी पर अचानक आग लग गई। बस से धुआं निकलता देख चालक ने बस रोकी और मौके से भाग निकला।इसके बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने दरवाजे से निकलकर जान बचाई, जबकि कुछ यात्रियों को खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर निकलना पड़ा। हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, वहीं कई यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया।यात्रियों के अनुसार बस संख्या UP 83 bt 3947 सूरत सहित गुजरात के विभिन्न स्थानों से यात्रियों को लेकर कानपुर की ओर जा रही थी। यात्रियों ने बताया कि गुजरात के दाहोद के पास एक होटल पर बस को करीब चार घंटे रोककर उसमें काम भी करवाया गया था। इसके बाद बस आगे रवाना हुई।

