
सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी अंचल के अंचलाधिकारी प्रभात कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने मंगलवार को ये कार्रवाई की है. वर्ष 2025 में दर्ज एक भ्रष्टाचार के मामले में न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर एक्शन हुआ है.निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की विशेष टीम मंगलवार को बाजपट्टी पहुंची. टीम ने सीधे अंचलाधिकारी प्रभात कुमार के सरकारी आवास पर दस्तक दी. न्यायालय से जारी वारंट दिखाने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया. आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद निगरानी की टीम उन्हें अपने साथ लेकर रवाना हो गई.प्रभात कुमार पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी कार्य कराने के बदले अवैध रूप से रिश्वत की मांग की थी. इस संबंध में वर्ष 2025 में निगरानी थाना में भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया था. शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की जांच की. जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद न्यायालय में रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसके आधार पर उनके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया.सीओ की गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही जिले के प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हलचल तेज हो गई. सरकारी आवास के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में इस कार्रवाई की चर्चा होने लगी. कई लोग यह जानने के लिए मौके पर पहुंचे कि आखिर निगरानी की टीम किस मामले में कार्रवाई कर रही है.

