अररिया जिले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को गिरफ्तार किया है. निगरानी टीम ने उनके किराये के मकान पर छापेमारी कर 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत की राशि बरामद की है.मो कमरे आलम उद्योग विभाग की ओर से आम नागरिकों को उद्योग चलाने के लिए उपलब्ध मशीनों की सप्लाई करते हैं. उनकी शिकायत के मुताबिक, ”कमरे आलम ने विभिन्न लोगों को करीब 17 लाख रुपये की मशीनें सप्लाई की थीं. इसी मशीन सप्लाई के एवज में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल द्वारा 5 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही थी.”कमरे आलम ने मामले की शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार पटना में की. शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो के पदाधिकारियों ने शिकायत की जांच और सत्यापन कराया. सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की बात सही पाए जाने के बाद 7 अगस्त 2026 को निगरानी थाना में कांड संख्या 95/26 दर्ज किया गया.मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अनिल कुमार मंडल को आरोपी बनाया गया. मामला दर्ज होने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ओर से छापेमारी दल का गठन किया गया. डीएसपी सतीश चंद्र महादेव के नेतृत्व में टीम ने आज उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल के किराये के मकान पर छापेमारी की.निगरानी डीएसपी ने बताया कि, महाप्रबंधक के बेडरूम के बगल में रखी एक अलमारी से 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत की राशि बरामद की गई. बरामदगी के बाद निगरानी टीम ने अनिल कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया.

