
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत खैरा टोला नौगावां ब्रिज से सेमरवन (संतपट्टी) जाने वाली मुख्य मार्ग पर खैरा टोला बेलवनिया गांव के समीप बने पुल का एप्रोच पथ एवं सड़क बारिश के कारण रेन कट की चपेट में आकर खतरनाक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है, और वहां लगभग पन्द्रह फीट गहरा गड्ढा बन गया है ।रैन कट से सड़क इतना संकरा हो गया है कि भारी वाहनों का आना जाना बंद हो गया है।वहीं छोटे वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर किसी तरह आवागमन करना पड़ रहा है। इससे स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार बारिश के कारण पुल के एप्रोच पथ एवं रोड पानी के बहाव के साथ निरंतर कट रहा है। कटाव के कारण सड़क संकरी एवं कमजोर हो गई है, और वहां खतरनाक गढ्ढा बन गया है, जिससे पुल से वाहनों का परिचालन जोखिम भरा हो गया है। एहतियात के तौर पर भारी वाहनों ने इस मार्ग से आवागमन बंद कर दिया है, जबकि छोटे वाहन चालक भी काफी सावधानी के साथ गुजरने को मजबूर हैं। इसका असर कृषि कार्य पर भी पड़ रहा है। विदित हो कि उक्त सड़क एवं पुल का निर्माण मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना अंतर्गत मां विंध्यवासिनी कन्सन्ट्रक्सन द्वारा द्वारा वितीय वर्ष 2024-25 में पूर्ण कराया गया था।स्थानीय ग्रामीण मुन्ना कुशवाहा,सोनू कुशवाहा, रामनाथ साथ,चंदेश्वर कुशवाहा,राजबलम अंसारी, शुभ नारायण राम, ने बताया कि यदि समय रहते एप्रोच पथ की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में उक्त मार्ग से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जायेगा।

