
संवाददाता राजेन्द्र कुमार
हाजीपुर, वैशाली जिला पदाधिकारी वैशाली, श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के सतत नेतृत्व एवं अनुश्रवण में जिले में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 67 गैस एजेंसियाँ कार्यरत हैं, जो लगभग 8.07 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से एलपीजी उपलब्ध करा रही हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि 19 जुलाई 2026 तक जिले की गैस एजेंसियों के पास 17,568 एलपीजी सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध था। वर्तमान में जिले में कुल 35,191 लंबित बुकिंग है तथा प्रतिदिन औसतन 12,624 सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है। आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था निरंतर सामान्य बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा नियमित निगरानी की जा रही है।जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने निर्देश दिया है कि शहरी क्षेत्रों में लगभग 25 दिनों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के भीतर अंतिम रीफिल प्राप्त कर चुके उपभोक्ताओं को ही नए सिलेंडर की बुकिंग की अनुमति दी जाए, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी उपलब्ध हो सके। इस व्यवस्था की प्रभावी निगरानी हेतु सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का नियमित भौतिक निरीक्षण कराया जा रहा है। एलपीजी की जमाखोरी एवं कालाबाजारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है तथा अब तक तीन व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है।डीएम के निर्देश पर जिले में पीएनजी कनेक्शन का भी विस्तार किया जा रहा है ताकि घरेलू एलपीजी पर निर्भरता कम हो। साथ ही, जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से एलपीजी आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला नियंत्रण कक्ष को अब तक 1,262 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन पर आवश्यक कार्रवाई की गई है।जिला पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को अपने कार्यालयों के बाहर एलपीजी वितरण की तिथि, उपलब्ध स्टॉक तथा आगामी वितरण कार्यक्रम का स्पष्ट प्रदर्शन करने के निर्देश दिए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवा सुनिश्चित की जा सके।

