बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई. पूर्व केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच हुई मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. आरसीपी सिंह कभी नीतीश कुमार के बेहद करीबी माने जाते थे. जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे, लेकिन बाद में दोनों के बीच मतभेद बढ़ने के बाद उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था.बिहार की राजनीति में रामचंद्र प्रसाद सिंह (आरसीपी सिंह) लंबे समय तक नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में शुमार रहे. 1984 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी रहे आरसीपी सिंह ने लंबी प्रशासनिक सेवा के बाद जेडीयू जॉइन की और तेजी से पार्टी में ऊंचे पदों तक पहुंचे. संगठन, चुनावी रणनीति और बड़े फैसलों में उनकी अहम भूमिका रही. नीतीश कुमार ने उन्हें राज्यसभा भेजा और बाद में जेडीयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बनाया. उन्हें नीतीश का ‘राइट हैंड’ माना जाता था.

