
जहानाबाद जिले में एसटीएफ जवान की गोली लगने से मौत हो जाने की घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है. घटना घोसी थाना क्षेत्र अंतर्गत चीरी गांव में देर शाम हुई. ड्यूटी पर तैनात जवान के साथ यह दुखद हादसा हो गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.मृतक की जवान की पहचान 30 वर्षीय धीरज कुमार के रूप में हुई है. वे नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर गांव के निवासी थे. एसटीएफ में तैनात धीरज कुमार घोसी-हुलासगंज मार्ग के ग्रामीण इलाकों में ड्यूटी पर थे, जब यह घटना घटी. घायल अवस्था में उन्हें तुरंत जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान कमर में रखे सर्विस रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई. गोली लगने से जवान की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने इसे दुर्घटनावश हुई फायरिंग बताया है, हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

