
हरियाणा का गुरुग्राम में गुरुवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी. साइबर सिटी गुरुग्राम में पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ में चार बदमाशों को ढेर कर दिया है. पुलिस मुठभेड़ में मारे गए सभी चारों बदमाश दीपक नांदल गैंग के बताए जा रहे हैं. दीपक नांदल विदेश से अपना गैंग चलाता है.मुठभेड़ गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके में हुई. जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच को पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि सुशांत लोक इलाके में कुछ हथियारबंद अपराधी हैं. ये सभी अपराधी एक स्कॉर्पियो में सवार हैं. सूचना के बाद एक्टिव हुई क्राइम ब्रांच की टीम ने सुशांत लोक इलाके में दबिश दी. क्राइम ब्रांच की टीम जब तक सुशांत लोक पहुंची, स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने एक व्यावसायी के घर पर फायरिंग शुरू कर दी थी.क्राइम ब्रांच ने बदमाशों की घेराबंदी कर उनसे सरेंडर करने को कहा. बदमाशों ने क्राइम ब्रांच की टीम पर भी फायर झोंक दिया. क्राइम ब्रांच की जवाबी कार्रवाई में स्कॉर्पियो सवार सभी पांच बदमाशों को गोली लगी. क्राइम ब्रांच की टीम ने बदमाशों को एक नजदीकी प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चार को मृत घोषित कर दिया.

