मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश के विद्यार्थी घर में ही बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकें, इसके लिए 400 से अधिक और डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। नौ अगस्त तक इन महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी पूर्ण कर ली जाएगी। शिक्षकों के नौ हजार पदों का सृजन किया गया है।संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जन्मतिथि वर्ष पर ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने मठ-मंदिर से अपील की कि वे एक-एक स्कूल एवं कॉलेजों को गोद लें।इस दौरान मंत्री मिथिलेश तिवारी, मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन, मंत्री नंदकिशोर राम, मंत्री रामकृपाल यादव, मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता और मंत्री संजय टाइगर मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास के विचारों और उनके बताए समरसता, सेवा एवं मानवता के मार्ग को बिहार के गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। बिहार सरकार उनके संदेश को समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए काम करेगी।

