आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में सहरसा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) अजीत अमर के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मामला दर्ज किया है. इसके बाद टीम ने उनके चार ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. जांच में सामने आया है कि अजीत अमर ने अपनी ज्ञात आय से करीब 72.35 फीसदी अधिक संपत्ति बनाई है. इसकी कीमत लगभग 62.20 लाख रुपये बताई जा रही है. शुरुआती जांच में इसके साक्ष्य मिलने के बाद EOU ने यह कार्रवाई की.अजीत अमर पहले छपरा में भी डीपीओ के पद पर रह चुके हैं. इसी वजह से आर्थिक अपराध इकाई की टीम छपरा भी पहुंची है. यहां गंडक कॉलोनी स्थित उनके सरकारी आवास पर छापेमारी की जा रही है. फिलहाल छापेमारी जारी है. आर्थिक अपराध इकाई की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की जानकारी दी जाएगी.सीवान में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने सहरसा के डीपीओ अजीत अमर के पैतृक घर पर छापेमारी के लिए पहुंची. उनका पैतृक घर रैनी गांव में है. जब टीम वहां पहुंची तो घर पर ताला लगा मिला. घर में कोई मौजूद नहीं था. इसके बाद EOU की टीम ताला खुलवाने की कोशिश में जुट गई. घर बंद होने की वजह से टीम के सदस्य बाहर ही इंतजार कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में यह कार्रवाई की जा रही है. अजीत अमर फिलहाल सहरसा में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) के पद पर तैनात हैं.

