
पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल पटना स्थित खान सर उर्फ फैजल खान के खान ग्लोबल स्टडी सेंटर परिसर में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी. जानकारी के अनुसार, आग लगने के बाद संस्थान में मौजूद छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही परिसर में धुआं फैलने लगा, जिसके बाद लोगों में कुछ देर के लिए घबराहट का माहौल बन गया. हालांकि संस्थान प्रबंधन और दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को तेजी से नियंत्रित कर लिया गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है. संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गया है.

