मुजफ्फरपुर जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल मुजफ्फरपुर के राजेपुर थाना क्षेत्र के फुलवरिया चौक पर देर रात गश्ती कर रही पुलिस टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया. आरोप है कि पुलिस की गाड़ी पर बम फेंके गए, महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट और छेड़छाड़ की गई, जबकि एक पुलिसकर्मी को गमछे से घसीटने की भी कोशिश की गई. इस घटना में महिला एएसआई, एक महिला सिपाही और गश्ती वाहन का चालक घायल हो गए.जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब साहेबगंज के विधायक राजू सिंह को कोर्ट से राहत मिलने के बाद उनके समर्थक फुलवरिया चौक पर सड़क पर आतिशबाजी कर रहे थे. गश्ती कर रही पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थान पर आतिशबाजी करने से रोकने की कोशिश की. इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने पुलिस टीम से बहस शुरू कर दी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की. आरोप है कि पुलिस की गाड़ी पर बम फेंके गए और लगातार बमबाजी की गई. महिला एएसआई और महिला सिपाही के साथ मारपीट के अलावा छेड़छाड़ किए जाने का भी आरोप है. वहीं, एक पुलिसकर्मी को गमछे से पकड़कर घसीटने की बात भी सामने आई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पूरे घटनाक्रम की वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की.

