पंजाब पुलिस ने बिहार के नालंदा जिले से साइबर ठगी के एक अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बॉडीगार्ड की पत्नी से ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी में शामिल होने का आरोप है.मामला वर्ष 2024 का है. पटियाला साइबर पुलिस को मंजीत कौर ने शिकायत दी थी कि साइबर अपराधियों ने उन्हें एक सप्ताह तक डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 12 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए. शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की.जांच के दौरान गिरोह के एक सदस्य को पहले कोलकाता और झारखंड के जामताड़ा से गिरफ्तार किया गया. पूछताछ और बरामद दस्तावेजों से पता चला कि ठगी की रकम बिहार के नालंदा जिले के दो युवकों के बैंक खातों में भी भेजी गई थी.गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों का बिहारशरीफ सदर अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया. इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पंजाब पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ पंजाब ले गई.

