रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर (मदनी चौक) में बंद मकान से पांच शव बरामद किए गए हैं। मृतकों में पति-पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं।घटना की जानकारी मिलते ही टिकरापारा पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने मकान को सील कर साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है।यह परिवार पिछले आठ महीनों से यहां एक मकान में किराए पर रह रहा था। पड़ोसियों ने बताया कि गुरुवार शाम से घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी समय तक कोई हलचल न होने पर जब संदेह हुआ, तो आस-पास के लोगों ने देखा कि भीतर शव पड़े हुए हैं। इसके तुरंत बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक मृतकों में साजिद अली (50 वर्ष) का शव फंदे से लटका मिला। वहीं उसकी पत्नी राबिया, पुत्र इरशाद अली (19 वर्ष), पुत्री शाहिदा (17 वर्ष) और इरशाबा बेगम (16 वर्ष) के शव कमरे में मिले, मुंह और नाक से झाग निकला दिखाई दे रहा है। आशंका जताई जा रही है कि बाकी सदस्यों की मौत किसी विषाक्त पदार्थ के सेवन से हुई है।

