मोतिहारी पुलिस ने चकिया थाना क्षेत्र के ओझा टोला में चल रही एक अवैध मिनी कारतूस फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के मुख्य मास्टरमाइंड श्रीकांत सिंह समेत चार अपराधियों को दबोचा गया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना श्रीकांत सिंह को गिरफ्तार किया, जो फेनहारा थाना क्षेत्र के मडपा मोहन गांव का रहने वाला है। फैक्ट्री से 500 से अधिक निर्मित और अर्धनिर्मित कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके से कारतूस बनाने वाली मशीन, मेटल शीट, गन पाउडर, नाइट्रिक एसिड, रेड फास्फोरस, एसीटोन और चारकोल जैसे भारी मात्रा में रासायनिक पदार्थ और उपकरण जब्त किए हैं। मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर एसडीपीओ चकिया और पकड़ीदयाल के नेतृत्व में जिला आसूचना इकाई (DIU) और मेहसी, चकिया, मधुबन, गड़हिया व फेनहारा थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से यह ऑपरेशन चलाया।

