पटना में खौफनाक नजारा देखने को मिला. समकुड़ा गांव में एक मिट्टी के घर से 40 से ज्यादा जहरीले सांप निकलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सबसे हैरान करने वाली बात ये रही कि इतने सांप घर में होने के बावजूद परिवार का कोई भी सदस्य उनका शिकार नहीं बना. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग अपने घरों की भी जांच करा रहे हैं.जानकारी के मुताबिक ये मकान शंभु प्रसाद का है. घर में उनकी पत्नी, दो बेटे और एक भांजा रहते हैं. परिवार का सदस्य बंटी कुमार पटना की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है. वह रोज की तरह तीन दिन पहले रात में घर लौटा और अपने कमरे में सोने चला गया. इसी दौरान उसकी नजर कमरे में एक जहरीले सांप पर पड़ी. किसी तरह सांप को हटाया गया. परिवार ने सोचा कि अब खतरा टल गया है. लेकिन कुछ ही देर बाद घर के दूसरे हिस्सों में भी दो-तीन सांप दिखाई देने लगे.अगले दिन ग्रामीणों की मदद से कुछ सांपों को मार दिया गया. इसके बावजूद परिवार को शक था कि घर में और भी सांप छिपे हो सकते हैं. इसके बाद एक सपेरे को बुलाया गया. जब उसने पूरे घर की अच्छी तरह तलाशी शुरू की तो सभी हैरान रह गए. मिट्टी के घर के अलग-अलग हिस्सों से एक-एक कर 40 से अधिक जहरीले सांप बाहर निकले. ये मंजर देखकर आसपास के लोग भी डर गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई.

