भागलपुर के नवगछिया से बड़े हादसे की खबर सामने आई है. नवगछिया के राघोपुर में तटबंध की फ्लड फाइटिंग में लगे मजदूरों से भरी नाव अचानक तेज बहाव में पलट गई. नाव पर कुल 21 मजदूर सवार थे. हादसे के बाद 19 मजदूरों को एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो मजदूर अभी भी लापता बताये जा रहे हैं. लापता मजदूरों की तलाश में एसडीआरएफ की टीम लगातार अभियान चला रही है.नाव पलटते ही मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई. हादसे के बाद कई मजदूरों ने पानी में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई. कुछ मजदूर तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. टीम ने 19 मजदूरों को तेज बहाव के बीच सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि दो मजदूरों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. बताया जा रहा है कि राघोपुर में तटबंध टूटने के बाद उसकी मरम्मत और बचाव कार्य के लिए मजदूरों को लगाया गया था. इसी दौरान मजदूर नाव के जरिए फ्लड फाइटिंग के काम में जा रहे थे. नाव पर 21 मजदूर सवार थे. तेज बहाव के बीच अचानक नाव का संतुलन बिगड़ा और वह पानी में पलट गई.

