आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय स्थित सरदार पटेल भवन पहुंचकर पुलिस महानिदेशक विनय कुमार से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने छात्र आंदोलन के दौरान कथित तौर पर तीन छात्रों पर एके-47 से गोली चलाए जाने के मामले को गंभीर बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने इस पूरे मामले से डीजीपी को अवगत कराया है. उन्होंने कहा कि डीजीपी विनय कुमार ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है. छात्र आंदोलन के दौरान वास्तव में एके-47 जैसे हथियार का इस्तेमाल हुआ है तो इसकी विस्तृत जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.मीडिया से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष ने केंद्र और राज्य सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी या फिर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आदेश पर ही पुलिस द्वारा एके-47 का इस्तेमाल किया गया. यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए. हालांकि, उन्होंने अपने इस आरोप के समर्थन में कोई साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया.

