
सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र स्थित नौकाढा बांध पर रविवार को हुए भीषण बम विस्फोट से इलाके में सनसनी फैल गई. अपराधियों ने ‘चंदेल किराना स्टोर’ को निशाना बनाते हुए बम विस्फोट किया, जिससे दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. विस्फोट में सन्देहास्पद परिस्थितियों में 30 वर्षीय सचिन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अखिलेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.घटना की सूचना मिलते ही मकेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए सारण रेंज के डीआईजी नीलेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है. धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस घटना के कारण का पता लगाने और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान में जुटी है.

