
पूर्णिया के के. हाट थाना क्षेत्र अंतर्गत रेनू नगर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां घरेलू विवाद के दौरान एक बैंकर पति ने अपनी शिक्षिका पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत छानबीन के लिए अस्पताल और घटना स्थल पर पहुंची.मृतका की पहचान शालिनी कुमारी के रूप में हुई है, जो श्रीनगर प्रखंड में प्लस-टू शिक्षिका थीं. उनके पति राजकुमार यादव मधुबनी बाजार कोऑपरेटिव बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं. देर शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी. इस खौफनाक कदम को उठाने के बाद आरोपी पति फरार हो गया.मृतका के परिजनों और बच्चों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, घर में अक्सर विवाद होता था. घटना के वक्त शालिनी के दो मासूम बच्चे, जिनकी उम्र चार और नौ वर्ष है, घर पर ही मौजूद थे. बच्चों ने बताया कि मामूली कहासुनी के बाद पिता ने अचानक मां के सीने में गोली दाग दी.आसपास के लोगों और पड़ोसियों के अनुसार, घर से अचानक गोली चलने और बच्चों के रोने की आवाज आई. लोग तुरंत इकट्ठा हुए और लहूलुहान शालिनी कुमारी को इलाज के लिए जीएमसीएच अस्पताल ले गए. हालांकि, वहां तैनात डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.खजांची हाट थाना प्रभारी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला पूरी तरह घरेलू कलह का लग रहा है. पति द्वारा पत्नी को गोली मारने की बात पुख्ता हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है. फरार बैंक मैनेजर की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें छापेमारी कर रही हैं.

