बिहार आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लघु सिंचाई प्रमंडल, सासाराम (रोहतास) के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के छह अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है. यह कार्रवाई माननीय विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त होने के बाद गुरुवार सुबह शुरू की गई। आर्थिक अपराध इकाई की अलग-अलग टीमों का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी कर रहे हैं.आर्थिक अपराध इकाई द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त सूचना के सत्यापन के बाद अरविंद कुमार चौधरी के विरुद्ध ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या-15/26, दिनांक 29 जुलाई 2026 दर्ज किया गया. यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है.प्राथमिक जांच और सत्यापन के दौरान अधिकारियों को प्रथम दृष्टया यह साक्ष्य मिला कि अभियुक्त ने अपनी ज्ञात आय की तुलना में 1 करोड़ 19 लाख 98 हजार 534 रुपये की अतिरिक्त संपत्ति अर्जित की है. जांच एजेंसी के अनुसार, यह उनकी ज्ञात आय से लगभग 85.05 प्रतिशत अधिक है. इसी आधार पर न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर कार्रवाई की गई.आर्थिक अपराध इकाई की टीमों ने एक साथ छह स्थानों पर तलाशी शुरू की है. इनमें पटना के दानापुर स्थित आदमपुर में वीनस पैराडाइज अपार्टमेंट के चौथे टावर का फ्लैट नंबर-405, आशोपुर स्थित वीनस इम्पायर अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर-1301, मुजफ्फरपुर के महामाया स्थान स्थित ससुराल, सासाराम स्थित लघु सिंचाई प्रमंडल का कार्यालय, डेहरी ऑन सोन स्थित सरकारी आवास तथा बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपराडीह गांव स्थित पैतृक मकान शामिल हैं.छापेमारी के दौरान दस्तावेज, बैंक खातों से जुड़े अभिलेख, चल-अचल संपत्तियों से संबंधित कागजात, निवेश और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच की जा रही है. अधिकारियों की टीम सभी ठिकानों से प्राप्त साक्ष्यों का मिलान कर रही है, ताकि आय और संपत्ति के बीच अंतर का विस्तृत आकलन किया जा सके.आर्थिक अपराध इकाई ने बताया कि फिलहाल तलाशी की कार्रवाई जारी है. छापेमारी पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों, नकदी, आभूषण अथवा अन्य संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक किया जाएगा. जांच एजेंसी का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और तलाशी अभियान समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.

