
सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात राजधानी एक्सप्रेस को दुर्घटनाग्रस्त करने की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया।विजय राय टोला गांव के समीप छपरा-बलिया रेलखंड पर अज्ञात लोगों ने करीब 1000 लीटर क्षमता की पानी की खाली टंकी रेलवे ट्रैक पर रख दी।डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस का इंजन टंकी से टकरा गया। हालांकि लोको पायलट की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा रेल हादसा टल गया।घटना के बाद ट्रेन को गौतम स्थान रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा और करीब एक घंटे से अधिक समय तक परिचालन प्रभावित रहा।जानकारी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस निर्धारित समय से लगभग चार घंटे विलंब से चल रही थी। ट्रेन रात 1:40 बजे छपरा जंक्शन पहुंची और 1:48 बजे वहां से रवाना हुई।करीब 1:58 बजे विजय राय टोला के समीप रेलवे ट्रैक पर रखी पानी की टंकी से इंजन टकरा गया। टंकी इंजन के अगले हिस्से में फंस जाने से ट्रेन के अनियंत्रित होने की आशंका पैदा हो गई।

