
संवाददाता राजेन्द्र कुमार
हाजीपुर, वैशाली अध्यक्ष, जिला गंगा समिति सह जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, वैशाली की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा जिले में नदी संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संतुलन एवं जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सख्त निर्देश दिए गए।जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि महनार एवं लालगंज में मोक्षधाम का निर्माण अविलंब कराया जाए, ताकि अंतिम संस्कार के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जहां दाह संस्कार होता है, वहां स्थल की नियमित साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।बैठक में जिला पदाधिकारी ने मानसून अवधि में वृक्षारोपण अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों एवं नगर निकायों को समयबद्ध ढंग से कार्य करते हुए शीघ्र शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण की नियमित निगरानी की जाए तथा इसकी प्रगति का प्रतिवेदन जिला गंगा समिति को उपलब्ध कराया जाए।जिला पदाधिकारी ने शिक्षा विभाग के समन्वय से जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रत्येक शनिवार “नदी क्यों जरूरी है” विषय पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित कराने का सख्त निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त मेरा युवा भारत, वैशाली को नदी संरक्षण पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने हेतु निर्देशित किया गया।बैठक में कृषि विभाग को भी सख्त निर्देश दिया गया कि विशेषकर फसल रोपनी के समय निरंतर जैविक खेती के प्रति जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि किसानों को पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों से जोड़ा जा सके।जिला पदाधिकारी ने नदी घाट विकास (RFD) का डीपीआर शीघ्र तैयार करने का निर्देश दिया। औद्योगिक कचरा निष्पादन के संबंध में उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि किसी भी औद्योगिक इकाई द्वारा कचरे का अनियमित निस्तारण नहीं किया जाए, अन्यथा संबंधित इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।खनन गतिविधियों के संबंध में जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 15 अक्टूबर, 2026 तक नदी में खनन कार्य बंद रहेगा तथा इसकी सतत निगरानी खनन विभाग, वैशाली द्वारा की जाएगी। इसके साथ ही गंगा नदी के किनारे स्थित प्रखंडों, सभी नगर निकायों एवं अन्य विभागों के समन्वय से सघन वृक्षारोपण कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि हाजीपुर में निर्माणाधीन मोक्षधाम के समीप ग्रीन पट्टी विकसित की जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थल की सुंदरता एवं उपयोगिता भी बढ़े।बैठक में नोडल पदाधिकारी, जिला गंगा समिति सह नगर कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद हाजीपुर; खनिज विकास पदाधिकारी, वैशाली; डीपीओ, नमामि गंगे; नगर कार्यपालक पदाधिकारी, महनार, महुआ, गोरौल एवं जंदाहा; परियोजना निदेशक, बुडको सहित जिला गंगा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि नदी संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संवर्धन एवं जनहित से जुड़े कार्यों में अपेक्षित प्रगति प्राप्त की जा सके।

