
जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंहसंवाददाता राजेन्द्र कुमार हाजीपुर, वैशाली जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत अधिप्राप्त धान के विरुद्ध कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) आपूर्ति की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला सहकारिता पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि 25 जुलाई, 2026 तक शत-प्रतिशत सीएमआर आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता, लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी । समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले में अब तक 92.6 प्रतिशत सीएमआर की आपूर्ति की जा चुकी है, जबकि 71लॉट सीएमआर की आपूर्ति अभी शेष है।जिला पदाधिकारी ने प्रखंडवार उपलब्धि की समीक्षा के दौरान पाया कि वैशाली प्रखंड में मात्र 60 प्रतिशत तथा लालगंज प्रखंड में 76 प्रतिशत सीएमआर आपूर्ति हुई है। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला सहकारिता पदाधिकारी को जवाबदेही तय करने तथा तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन पैक्सों पर अधिक मात्रा में सीएमआर लंबित है, वहां धान गोदामों का भौतिक सत्यापन कराया जाए। यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता या धान की कमी पाई जाती है तो संबंधित पैक्स के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जिला पदाधिकारी ने कहा कि संबंधित क्षेत्र के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी यदि अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतते पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध भी आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।बैठक में धान मिलिंग कार्य हेतु चयनित उसना एवं अरवा राइस मिलों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन राइस मिलों द्वारा स्वीकृत आदेश के बावजूद संबंधित पैक्सों को समय पर अग्रिम चावल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, उनके कार्यों की गहन जांच कराई जाए तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित राइस मिलों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीएमआर आपूर्ति कार्य की प्रतिदिन समीक्षा करें, सभी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर सरकार के निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करें।

