
राजेन्द्र कुमार
हाजीपुर, वैशाली हाजीपुर से लालगंज दियारा क्षेत्र में नदी गश्ती एवं छापेमारी अभियान के दौरान मिली सफलता, शराब माफियाओं के विरुद्ध अभियान जारीजिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देश एवं बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग, हाजीपुर द्वारा गुरुवार को गंडक नदी के दियारा क्षेत्र में मोटरबोट एवं ड्रोन की सहायता से व्यापक नदी गश्ती एवं छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग 200 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद करते हुए एक नाव को जब्त किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग की टीम हाजीपुर से लालगंज की ओर गंडक नदी के रास्ते दियारा क्षेत्र में अवैध देसी शराब निर्माण की भट्टियों के विरुद्ध छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान नदी में एक संदिग्ध नाव तेज गति से जाती हुई दिखाई दी। संदेह होने पर विभागीय मोटरबोट से उसका पीछा किया गया।नाव को रोककर तलाशी लेने पर उसमें रखे तीन गैलनों एवं दो प्लास्टिक बोरों से लगभग 200 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई। बरामद शराब के साथ नाव को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए शराब के स्रोत तथा इसमें संलिप्त तस्करों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। दियारा क्षेत्रों सहित नदी मार्गों पर उत्पाद विभाग द्वारा नियमित रूप से मोटरबोट, ड्रोन एवं अन्य आधुनिक संसाधनों की सहायता से निगरानी एवं छापेमारी अभियान संचालित किया जा रहा है।जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन अथवा बिक्री से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल उत्पाद विभाग अथवा स्थानीय पुलिस को दें, ताकि शराबबंदी कानून का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।

