जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में रविवार 19 जुलाई 2026 को तड़के हुई मूसलाधार बारिश ने खूब तबाही मचाई है. भारी बारिश के कारण फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की घटनाओं में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लापता हैं. अधिकारियों ने बताया कि सबसे अधिक प्रभावित सुरनकोट तहसील में सभी मौतें दर्ज की गई हैं. राहत एवं बचाव दल मौके पर तैनात हैं और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने, प्रभावित क्षेत्रों को खाली कराने और राहत पहुंचाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है. वहीं, किश्तवाड़ में बादल फटा है. इसके चलते व्यापक पैमाने पर तबाही मची है. घर-मकान को नुकसान पहुंचा है. राजौरी में भी भारी से बहुत भारी बारिश के चलते हालात खराब हैं. प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी है.

