राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ गई है. उन्हें इलाज और स्वास्थ्य जांच के लिए पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) ले जाया जा रहा है. बताया जा रहा है कि डॉक्टरों की टीम उनका विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण करेगी.जानकारी के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव चेकअप के लिए IGIMS पहुंचने वाले हैं. उनकी तबीयत में अचानक आई परेशानी के बाद चिकित्सकों ने जांच कराने की सलाह दी है. अस्पताल में पहुंचने के बाद डॉक्टर उनकी विभिन्न जांच करेंगे और रिपोर्ट के आधार पर आगे का इलाज तय किया जाएगा.लालू प्रसाद यादव लंबे समय से कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं. वह पहले से ही किडनी की बीमारी से ग्रसित हैं और उनका किडनी ट्रांसप्लांट भी हो चुका है. इसके अलावा उनका ब्लड शुगर लेवल भी लगातार फ्लक्चुएट होता रहा है, जिसके कारण डॉक्टर नियमित रूप से उनकी सेहत पर नजर बनाए रखते हैं.

