
संवाददाता राजेन्द्र कुमार
हाजीपुर, वैशाली श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को समन्वित कार्रवाई करने का निर्देशहाजीपुर। आगामी श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की समग्र तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया तथा सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि श्रावणी मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन का उद्देश्य उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें।उन्होंने निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र एवं कांवरिया पथ पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा तथा आवश्यक नागरिक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।जिला पदाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।पुलिस अधीक्षक वैशाली श्री शुभांक मिश्रा (भा.पु.से) ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर निरंतर गश्ती, सीसीटीवी एवं निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा यातायात मार्गों पर प्रभावी पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने एवं नियंत्रण कक्ष के साथ सतत समन्वय बनाए रखने को कहा।जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मेला क्षेत्र, शिवालयों एवं कांवरिया मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, कचरा निष्पादन, फॉगिंग तथा स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। साथ ही विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति एवं सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस, चिकित्सकीय दल, आवश्यक दवाओं एवं प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था रखने का निर्देश दिया।जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि श्रावणी मेला धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण आयोजन है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ करे तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करे।बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद के साथ विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

