जम्मू कश्मीर के कुलगाम में शुक्रवार को आतंकी हमला हुआ. कुलगाम जिले में एक ईंट-भट्ठे पर हुए आतंकवादी हमले में दूसरे मजदूर की भी मौत हो गई. ये दोनों मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे. एक मजदूर की मौत कल यानी शुक्रवार को ही हो गई थी. दूसरा मजदूर अस्पताल में जिंदगी-मौत की जंग लड़ रहा था. मगर शनिवार को उसने भी दम तोड़ दिया. इस तरह कुलगाम आतंकी हमले में दो मजदूरों की मौत हो गई. आतंकी ने धर्म पूछकर दोनों मजदूरों को अलग करके गोली मारी थीअधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने शुक्रवार देर शाम दक्षिण कश्मीर के केलम इलाके में स्थित ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को निशाना बनाया. हमले में दोनों मजदूर घायल हो गए. इनमें से एक दीपक रात्रे ने अस्पताल ले जाए जाने से पहले ही दम तोड़ दिया. अधिकारियों ने बताया कि दूसरे घायल मजदूर बोपिंदर को पहले जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया, जहां से बाद में उसे सौरा स्थित एसकेआईएमएस अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.

