औरंगाबाद के रिसियप थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां तैनात सब-इंस्पेक्टर उमेश सिंह को पटना विजिलेंस की टीम ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.निगरानी डीएसपी संतोष कुमार के अनुसार तेंदुआ गणपत गांव निवासी डॉ. लक्ष्मण राम ने एसआई उमेश कुमार के खिलाफ एक मामले में रिश्वत मांगने की शिकायत निगरानी विभाग से की थी. मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला गांव में नाली-गली से जुड़े पुराने विवाद से जुड़ा है. इस विवाद को लेकर करीब दो वर्ष पूर्व पंचायत स्तर पर भी समझौते का प्रयास किया गया था, लेकिन विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हो सका था.डॉ. लक्ष्मण राम का यह भी आरोप है कि रुपये नहीं देने पर एसआई उन्हें और उनके बच्चों को झूठे मामलों में फंसाने तथा जीवन मुश्किल बना देने की धमकी देते थे. शिकायत के सत्यापन के बाद जाल बिछाया गया. तय योजना के तहत विजिलेंस की टीम ने पीड़ित को रिश्वत के पैसे देने के लिए भेजा. जैसे ही शिकायतकर्ता ने एसआई उमेश कुमार को 50 हजार रुपये दिए, वहां पहले से मौजूद निगरानी विभाग की टीम ने आरोपी दारोगा को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.

