आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार 5 लोगों की मौत हो गई. हरियाणा से बिहार जा रही स्लीपर बस बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सामने से आ रही कार से टकरा गई. हादसे में कार सवार 5 लोगों की मौत हो गई है. वहीं, बस में सवार 4 और कार सवार 4 कुल 8 लोग घायल हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है.यह हादसा बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे थाना बांगरमऊ क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 230.800 के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, बिहार नंबर की स्लीपर बस (BR 06 PF 1024) हरियाणा से बिहार जा रही थी.डीएम घनश्याम मीणा ने बताया कि बुधवार तड़के करीब 4.30 बजे फरीदाबाद से बिहार जा रही एक निजी बस के चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित हो गई. बस डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां उसके सामने से आ रही एक कार से भीषण टक्कर हो गई.जिलाधिकारी ने बताया कि बस में लगभग 70 यात्री सवार थे. हादसे में बस के 4 यात्रियों को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है. उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात को सुचारु रूप से चालू करा दिया गया है. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

