बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मुजफ्फरपुर में बड़ी कार्रवाई की है।साहेबगंज थाना क्षेत्र के राजेपुर ओपी में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (एएसआइ) मुन्ना यादव को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।निगरानी ब्यूरो के अधिकारियों ने आरोपी एएसआइ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा।जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय व्यक्ति से किसी मामले को रफा-दफा करने अथवा केस डायरी में मदद करने के नाम पर एएसआइ मुन्ना यादव ने आठ हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की।शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने मामले का गुप्त सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाए जाने पर विशेष धावा दल का गठन किया गया।पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता एएसआइ के पास पहुंचा और केमिकल लगे आठ हजार रुपये उन्हें सौंप दिए। जैसे ही मुन्ना यादव ने रुपये लिए, पहले से घात लगाए निगरानी ब्यूरो की टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

