हाजीपुर-जंदाहा मुख्य मार्ग पर बिदुपुर थाना क्षेत्र के चक सिकंदर बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम को गुरुवार देर रात बदमाश उखाड़ ले गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटा और उसे उखाड़कर अपने साथ ले गए।घटना की जानकारी बैंक अधिकारियों और एटीएम में नकदी भरने वाली एजेंसी को भी दे दी गई है। एटीएम में कितनी नकदी थी, इसका पता बैंक अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों के पहुंचने के बाद ही चल सकेगा।बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे का तार काट दिया और कैमरे का रुख बदल दिया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें।इसके बाद उन्होंने एटीएम मशीन को उखाड़ा और किसी वाहन में रखकर ले गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इधर, सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। छानबीन के दौरान पुलिस ने सराय थाना क्षेत्र से उखाड़ी गई एटीएम मशीन बरामद कर ली।हालांकि, मशीन से नकदी निकाली गई या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि सराय थाना क्षेत्र से एटीएम मशीन बरामद कर ली गई है।

