
संवाददाता राजेन्द्र कुमार
हाजीपुर, वैशाली सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देशहाजीपुर। लगातार हो रही मानसूनी वर्षा तथा नेपाल एवं जलग्रहण क्षेत्रों से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा एवं गंडक नदियों के जलस्तर में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। इस सन्दर्भ में जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह ने जिले के सभी संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।जिला पदाधिकारी ने हाजीपुर, महुआ एवं महनार अनुमंडल के सभी अंचलाधिकारियों, बाढ़ नियंत्रण विभाग, जल निकासी प्रमंडल, नगर निकायों, आपदा प्रबंधन शाखा तथा एसडीआरएफ की टीमों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने तटबंधों की सतत निगरानी, दियारा एवं निचले क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग तथा संभावित प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक परिस्थिति पर सतत निगरानी रखे हुए है तथा नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें, राहत एवं बचाव संबंधी सभी संसाधन तैयार रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपदा संबंधी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं।जिला प्रशासन द्वारा गंगा एवं गंडक नदियों के जलस्तर की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन सभी गेज स्टेशनों एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है।किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (Control Room) को चौबीसों घंटे सक्रिय रखा गया है। आम नागरिक किसी भी प्रकार की आपदा अथवा सहायता के लिए दूरभाष संख्या 06224-260233 एवं 06224-260234 पर तत्काल संपर्क कर सकते हैं।

