
।संवाददाता राजेन्द्र कुमार
हाजीपुर, वैशाली विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का नया अध्याय प्रारंभलोकार्पण के साथ ही जिले के सभी 16 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) में शैक्षणिक गतिविधियों का भी हुआ विधिवत शुभारंभ राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल सात निश्चय-3 के तहत “उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य” के अंतर्गत आज दिनांक 19 जुलाई, 2026 को वैशाली जिले में स्थापित 16 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का लोकार्पण माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा बेगूसराय से आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के माध्यम से वर्चुअल रूप से किया गया। इस अवसर पर वैशाली जिले का मुख्य कार्यक्रम राजकीयकृत हाई स्कूल, सेंदुआरी में आयोजित हुआ, जिसमें माननीय विधायक, हाजीपुर श्री अवधेश कुमार की गरिमामयी उपस्थित रही। माननीय विधायक, हाजीपुर श्री अवधेश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार की दूरदर्शी पहल है। इससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर, आधुनिक संसाधन एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये विद्यालय भविष्य में उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थानों के रूप में स्थापित होंगे और जिले के विद्यार्थियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा सभी विद्यालयों में भवन, स्मार्ट कक्षाएं, पेयजल, विद्युत, शौचालय, स्वच्छता, फर्नीचर, कार्यालय संचालन, कंप्यूटर, इंटरनेट तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि विद्यार्थियों को प्रथम दिवस से ही गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण मिल सके। सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) केवल नए विद्यालय नहीं हैं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की नई अवधारणा हैं। इन विद्यालयों में अनुभवी शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा अध्यापन, स्मार्ट क्लासरूम, ई-लाइब्रेरी, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, खेल सुविधाएं, करियर काउंसलिंग, रिमेडियल क्लास, मेडिकल, इंजीनियरिंग, ओलंपियाड एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की आधारभूत तैयारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की DIKSHA, e-LOTS सहित विभिन्न डिजिटल शिक्षण प्लेटफॉर्म तक पहुंच सुनिश्चित की गई है। वैशाली जिले में भगवानपुर, बिदुपुर, चेहराकलां, देसरी, गोरौल, जंदाहा, लालगंज, महनार, महुआ, पटेढ़ी बेलसर, पातेपुर, राघोपुर, राजापाकर, सहदेई बुजुर्ग एवं वैशाली प्रखंड में एक-एक तथा हाजीपुर प्रखंड में एक सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) स्थापित किए गए हैं। इन विद्यालयों के संचालन से वैशाली जिले में माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा मिलेगी तथा विद्यार्थियों को आधुनिक, प्रतिस्पर्धी एवं मूल्यपरक शिक्षा उपलब्ध कराते हुए “विकसित भारत–समृद्ध बिहार, उन्नत शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य” के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

