बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक गतिशील बनाने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर अधिकारीयों के तबादले किए हैं. इस फेरबदल में 10 आईएएस अधिकारियों के साथ ही बिहार प्रशासनिक सेवा के 11 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. शुक्रवार को जारी आदेश के बाद कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनातियां हुई हैं.सरकार ने सात जिलों में उप विकास आयुक्तों (डीडीसी) की नई नियुक्तियां की हैं. इन अधिकारियों को जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है. इस बदलाव से स्थानीय विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया जा रहा है.शिवहर जिले में संजय कुमार को उप विकास आयुक्त बनाया गया है. औरंगाबाद में कुमारी अनुपम सिंह, शेखपुरा में राकेश कुमार, जहानाबाद में आदित्य कुमार पियुष और सुपौल में इंद्रवीर कुमार को यह पद सौंपा गया है. मुजफ्फरपुर में निशांत सिहारा को उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक अधिकारी का दायित्व दिया गया है. इन नियुक्तियों से संबंधित जिलों में विकास परियोजनाओं में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है.नगर विकास एवं आवास विभाग में संजय कुमार को अपर सचिव बनाया गया है. तकनीकी शिक्षा विभाग में मनोरंजन कुमार को निदेशक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है. गया नगर निगम में डॉ. गगन को नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है. उद्योग विभाग में विदुभूषण चौधरी और मनोज कुमार को अपर सचिव बनाया गया है.कृत्यानंद रंजन को नालंदा का नगर आयुक्त बनाया गया है. साथ ही नव प्रोन्नत अधिकारियों को भी अहम पद दिए गए हैं. ये बदलाव विभागीय कार्यों को सुचारू रूप से चलाने और नई ऊर्जा का संचालन करने के लिए किए गए हैं.बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) में नव प्रोन्नत हेमंत कुमार सिंह को सचिव पद पर नियुक्त किया गया है. बिहार राज्य पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक के रूप में प्रदीप सिंह को जिम्मेदारी दी गई है. खाद्य प्रसंस्करण विभाग में सारा अशरफ को निदेशक बनाया गया है. शाहिद परवेज को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव की भूमिका सौंपी गई है.बिहार प्रशासनिक सेवा के अभिषेक आनंद को पूर्णिया का जिला परिवहन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. कुमार गौरव को झंझारपुर अनुमंडल पदाधिकारी और आनंद उत्सव को मुजफ्फरपुर पूर्वी अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है. इन तैनातियों से परिवहन और स्थानीय प्रशासनिक कार्यों में सुधार होने की उम्मीद है.

