बांका जिले के चर्चित अमरपुर डबल मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली. दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी सचिन सिंह को गिरफ्तार करने के बाद हथियार बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था. इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि बांका के एसपी अमितेश कुमार ने की है.पुलिस के मुताबिक, सचिन सिंह की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही थी. हथियार बरामद करने के लिए उसे घटनास्थल के आसपास ले जाया गया. जहां उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी और भागने का प्रयास किया. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी. फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. इस डबल मर्डर केस में पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश में भी लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी लोगों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

