गोपालगंज में एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें रखी भारी मात्रा में शराब सड़क पर बिखर गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार के साथ बची हुई शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. मामला भोरे थाना क्षेत्र में भोरे कटेया मुख्य पथ का है.जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश नंबर की कार भोरे बाजार स्थित हीरो एजेंसी के समीप तेज गति से जा रही थी. इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे एक विशाल पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. शुरुआत में लोगों को लगा कि कोई बड़ा सड़क हादसा हुआ है, लेकिन जब कार के अंदर भारी मात्रा में विदेशी शराब दिखाई दी तो घटनास्थल का नजारा बदल गया. कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस के पहुंचने से पहले ही लोगों में शराब की बोतलें उठाने की होड़ मच गई. जिसे जितनी बोतलें मिलीं, वह उन्हें लेकर मौके से निकल गया. मुफ्त में शराब मिलने की लालच में लोगों ने पुलिस कार्रवाई की परवाह किए बिना बोतलें समेट लीं.

