बांका जिला परिषद कार्यालय में सोमवार को पटना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कनीय अभियंता (जेई) ओमप्रकाश मंडल और कार्यालय के क्लर्क जागेश्वर मंडल को 1 लाख 26 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई से जिला परिषद कार्यालय सहित अन्य सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है.निगरानी विभाग के डीएसपी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि एक संवेदक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कार्य से संबंधित फाइल आगे बढ़ाने के लिए जेई की ओर से रिश्वत की मांग की जा रही है. शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए. इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया.उस समय जिला परिषद अध्यक्ष राजेंद्र यादव सहित कई अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में मौजूद थे. अचानक हुई कार्रवाई से पूरे कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई.निगरानी अधिकारियों ने दोनों आरोपितों से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उन्हें अपने साथ पटना ले गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपितों पर एक कार्य के एवज में 1.26 लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप है. निगरानी विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

