
-संवाददाता राजेन्द्र कुमार
हाजीपुर, वैशाली हाजीपुर। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देशानुसार कौनहारा घाट स्थित श्मशान घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर व्यापक स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण का विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में कौनहारा घाट स्थित श्मशान घाट पर प्रतिदिन तीन पालियों में विशेष साफ-सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। घाट परिसर से कचरे का नियमित उठाव कराया जा रहा है तथा पूरे परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नगर परिषद, हाजीपुर की टीम लगातार कार्यरत है।जिला पदाधिकारी ने घाट पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। इसके अनुपालन में पुराने एवं खराब हो चुके हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइटों को बदला जा रहा है तथा आवश्यकता के अनुसार नए प्रकाश उपकरण भी लगाए जा रहे हैं, ताकि रात्रि के समय आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कौनहारा घाट श्मशान घाट सहित जिले के अन्य प्रमुख घाटों को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसी क्रम में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी निरंतर जारी है और शेष अतिक्रमण को भी शीघ्र हटाया जाएगा।अभियान के दौरान नगर परिषद, हाजीपुर के स्वच्छता साथियों द्वारा घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से अपील की गई कि घाट परिसर में गंदगी न फैलाएं तथा दूसरों को भी ऐसा करने से रोकें, ताकि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखी जा सके।जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस विशेष अभियान की निगरानी नगर कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, हाजीपुर श्री सुशील कुमार दास एवं जिला परियोजना पदाधिकारी (नमामि गंगे), वैशाली श्री मुनेश कुमार द्वारा की जा रही है। अभियान में नगर प्रबंधक श्री दीपक कुमार तिवारी, स्वच्छता पदाधिकारी श्री मोहित अभिषेक, स्वच्छता साथी, स्वच्छता कर्मी तथा नगर परिषद, हाजीपुर की पूरी टीम सक्रिय रूप से सहभागिता निभा रही है।जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा है कि कौनहारा घाट केवल एक धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि जिले की महत्वपूर्ण पहचान भी है। इसलिए इसकी स्वच्छता, सुरक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं को उच्च स्तर पर विकसित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अभियान को निरंतर जारी रखते हुए घाट पर आने वाले प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

